अंतरराज्यीय ड्यूस बॉल अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ, उद्घाटन मैच में सारंगढ़ की शानदार जीत

Nation Track Desk।।सरिया हाई स्कूल ग्राउंड में आयोजित होने वाली अंतरराज्यीय ड्यूस बॉल अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ 24 दिसंबर 2025 से हो गया है। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी यह प्रतिष्ठित क्रिकेट टूर्नामेंट सरिया में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कई राज्यों की अंडर-19 क्रिकेट टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता का आयोजन मीडिया पार्टनर दैनिक भास्कर के सहयोग से लगातार चौथे वर्ष किया जा रहा है। इस ड्यूस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मैदान में पहुंच रहे हैं। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 30 दिसंबर को खेला जाएगा।

 

प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि अरुण सराफ रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सभापति साव ने की। विशिष्ट अतिथियों में स्वप्निल स्वर्णकार, मुरारी नायक, कैलाश नायक, जीवर्धन प्रधान, कालहकान्हू सराफ, मोती स्वर्णकार, संतोष पांडे, जय प्रकाश सोनी, एनवीश तिर्की, संतोष मराठा, प्रवीण सराफ और संजय प्रधान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन नरेश प्रधान ने किया।

 

टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच पार्थ अकैडमी सारंगढ़ और टीसीसी बरगढ़ के बीच खेला गया। मुकाबले में टॉस जीतकर पार्थ अकैडमी सारंगढ़ ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीसीसी बरगढ़ की टीम ने 20 ओवरों में 117 रन बनाए। टीम की ओर से राहुल होता ने 31 रन और मोहित अग्रवाल ने 21 रन का अहम योगदान दिया। वहीं सारंगढ़ के गेंदबाज ऋषभ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट झटके।

 

118 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पार्थ अकैडमी सारंगढ़ की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 13 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया। सारंगढ़ की ओर से साहिल ने 51 रनों की नाबाद पारी खेली, जबकि समीर ने 38 रन बनाए। समीर और साहिल के बीच पहले विकेट के लिए 102 रनों की मजबूत साझेदारी हुई, जिसने टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए ऋषभ को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

 

टूर्नामेंट का दूसरा मुकाबला कल 25 दिसम्बर को खेला जाएगा। यह मैच संस्कार क्रिकेट एकेडमी, रायगढ़ और यूनिक क्रिकेट एकेडमी, कोरबा के बीच सरिया हाई स्कूल ग्राउंड में आयोजित होगा। आयोजकों के अनुसार दूसरा मुकाबला भी काफी रोमांचक होने की उम्मीद है और क्रिकेट प्रेमियों में इसे लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *