रायगढ़। शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर 2026 को रायगढ़ जिले की शिक्षिकाओं श्रीमती ओमकुमारी पटेल एवं श्रीमती आरती साहू को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्यों के लिए राज्यपाल शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। दोनों शिक्षिकाओं को यह प्रतिष्ठित सम्मान माननीय राज्यपाल जी के कर-कमलों से प्रदान किया गया।

सम्मान समारोह में माननीय मुख्यमंत्री जी एवं माननीय शिक्षा मंत्री जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। राज्यपाल के हाथों सम्मान प्राप्त करना दोनों शिक्षिकाओं के लिए गौरव और भावुकता से भरा अविस्मरणीय क्षण रहा।
श्रीमती ओमकुमारी पटेल, सहायक शिक्षक, शासकीय प्राथमिक शाला सेमरा, संकुल केंद्र जतरी, विकासखंड पुसौर, जिला रायगढ़ (छत्तीसगढ़) ने बच्चों को सरल एवं आनंददायी तरीके से शिक्षा से जोड़ने के लिए गतिविधि-आधारित शिक्षण, नवाचार एवं शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM) के माध्यम से उल्लेखनीय कार्य किया है।
वहीं श्रीमती आरती साहू ने भी शिक्षा के क्षेत्र में अपने समर्पण, नवाचार एवं उत्कृष्ट कार्यों के माध्यम से विद्यार्थियों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
दोनों शिक्षिकाओं को राज्य स्तर पर मिले इस सम्मान से रायगढ़ जिले, विद्यालय परिवार एवं शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि पर संस्था प्रमुख हरिशंकर सिदार ने बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक चिंता सिदार, तारा चौहान, ओम प्रकाश पटेल, डी. भारत द्वाज, जयनंद सिदार संकुल समन्वयक जतरी विकासखंड के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने दोनों शिक्षिकाओं को हार्दिक बधाई दी।

जतरी संकुल परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोनों सम्मानित शिक्षिकाओं के उज्ज्वल भविष्य, निरंतर सफलता एवं शिक्षा के क्षेत्र में इसी प्रकार उत्कृष्ट योगदान देते रहने की शुभकामनाएँ दीं।
