वंदे मातरम् का अपमान कांग्रेस की मानसिक दिवालियापन : जयप्रकाश बानी

भाजपा मंडल अध्यक्ष ने कांग्रेस नेतृत्व पर साधा निशाना, कहा—देशभक्ति के प्रतीक गीत का विरोध देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी

सारंगढ़। वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व पर लगातार सवाल उठाते हुए भाजपा सारंगढ़ मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश बानी ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले करीब एक माह से कांग्रेस नेताओं द्वारा बार-बार वंदे मातरम् को लेकर आपत्तियां और विरोध दर्ज कराया जा रहा है, जो देश की भावनाओं का अपमान है।
जयप्रकाश बानी ने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों में राष्ट्रभक्ति और त्याग की भावना जगाने वाला राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस गीत के सम्मान और देश की आन-बान-शान के लिए असंख्य देशवासियों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। 150 वर्षों से यह गीत हर भारतीयों के हृदय में देशभक्ति की भावना जागृत करता आया है।
उन्होंने बताया कि महामहिम राष्ट्रपति के अनुमोदन के बाद जारी अधिसूचना के संदर्भ में वंदे मातरम् के गायन को लेकर जो संवैधानिक व्यवस्था लागू की गई है, उसके बावजूद कांग्रेस पार्टी और उसके शीर्ष नेताओं द्वारा इसका विरोध किया जाना उनकी घृणित मानसिकता को दर्शाता है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय मुख्यालय में वंदे मातरम् गायन को लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी में वंदे मातरम् के गायन को बीच में ही रोकने का जो किया गया उससे देशभर में कांग्रेस की राष्ट्रगीत के प्रति नकरात्मक सोच उजागर हुई है
बानी ने गोवा में कांग्रेस के एक कार्यक्रम का भी उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी में वंदे मातरम् को कथित तौर पर अधूरा गाया गया। उन्होंने कहा कि यदि किसी राष्ट्रीय गीत के गायन को राजनीतिक विरोध का माध्यम बनाया जाता है तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कल श्रीनगर में हुए एक सरकारी आयोजन का उल्लेख करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा वंदे मातरम् का पूर्ण रूप से गायन किए जाने के बाद भी कांग्रेस नेताओं की ओर से इसका विरोध किया जाना सामने आया है। बानी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस द्वारा विपक्षी इंडी गठबंधन के सहयोगी दलों पर भी वंदे मातरम् के सीमित छंदों के गायन का दबाव बनाया जा रहा है।

जयप्रकाश बानी ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस स्वयं को धर्मनिरपेक्षता का सबसे बड़ा पैरोकार बताती है, लेकिन वंदे मातरम् को लेकर उसके नेताओं के कथित विरोध से उसकी राजनीतिक सोच पर सवाल खड़े होते हैं देश की जनता अब राजनीतिक बयानों और वास्तविक आचरण के बीच अंतर को समझने लगी है।

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता ने कहा कि संविधान की प्रति हाथ में लेकर राजनीति करने वाले नेताओं को देश के राष्ट्रीय प्रतीकों और राष्ट्रभावना से जुड़े विषयों पर भी समान सम्मान का परिचय देना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा वंदे मातरम् के संपूर्ण गायन को लेकर दिए गए कथित बयानों को कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति से जोड़ते हुए इसे देश के लिए विघटनकारी सोच बताया।

बानी ने कहा कि देश की करोड़ों जनता, विशेषकर GEN G युवा पीढ़ी, राष्ट्रभक्ति से जुड़े विषयों को लेकर बेहद संवेदनशील है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेतृत्व द्वारा वंदे मातरम् को लेकर अपनाए जा रहे रुख का राजनीतिक नुकसान कांग्रेस पार्टी को भविष्य के चुनावों में उठाना पड़ेगा।

आगामी सारंगढ़ नगरपालिका चुनाव को लेकर भी भाजपा मंडल अध्यक्ष ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि स्थानीय जनता अब राजनीतिक दलों के दावों और उनके वास्तविक आचरण का मूल्यांकन करेगी। उन्होंने दावा किया कि सारंगढ़ की जनता कांग्रेस के कथित “देशप्रेम के दिखावे” को पहचान चुकी है और आगामी नगरपालिका चुनाव में इसका जवाब अपने मताधिकार के माध्यम से देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *