अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई: SDM के निर्देश पर टीमरलगा में 10 पोकलेन और एक हाईवा जप्त

सारंगढ़–बिलाईगढ़। जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टीमरलगा क्षेत्र में भारी मशीनों को जप्त किया है। बताया जा रहा है कि सारंगढ़ SDM के निर्देश पर नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की, जिसमें लाइम स्टोन के अवैध खनन में उपयोग हो रही 10 पोकलेन मशीन और एक हाईवा वाहन को जप्त किया गया।


मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे नायब तहसीलदार अपनी टीम के साथ टीमरलगा क्षेत्र में निरीक्षण करने पहुंचे, जहां मौके पर बड़े पैमाने पर लाइम स्टोन खदान में खनन गतिविधियां संचालित होती पाई गईं। जांच के दौरान प्रशासन ने पाया कि खनन कार्य नियमों के विपरीत तरीके से किया जा रहा था। इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए खनन में उपयोग हो रही मशीनों और वाहन की जप्ति बनाई गई।


कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार के बुलावे पर माइनिंग विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया गया। प्रशासन ने जप्त किए गए 10 पोकलेन मशीन और एक हाईवा वाहन को गांव के कोटवार के सुपुर्द कर दिया, ताकि आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।


स्थानीय लोगों का कहना है कि टीमरलगां क्षेत्र में लंबे समय से लाइम स्टोन के खदानों में अवैध खनन की गतिविधियां जारी थीं, जिस पर अब प्रशासन की यह कार्रवाई काफी अहम मानी जा रही है। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति या नियमों के विरुद्ध खनन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *