Sarangarh City Kotwali : नए कोतवाल प्रमोद यादव ने संभाली कमान, अपराधियों में बढ़ी बेचैनी

सारंगढ़ शहर की कानून व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। अनुभवी और तेजतर्रार पुलिस अधिकारी प्रमोद यादव ने सारंगढ़ सिटी कोतवाली के नए थाना प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। उनके पदभार संभालते ही शहर में अपराध नियंत्रण को लेकर नई उम्मीदें दिखाई देने लगी हैं।


प्रमोद यादव इससे पहले सरिया और बिलाईगढ़ क्षेत्र में अपनी सख्त कार्यशैली को लेकर काफी चर्चा में रहे हैं। बताया जाता है कि उनके कार्यकाल में गांजा तस्करों, अवैध कारोबार से जुड़े लोगों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल तत्वों पर लगातार कार्रवाई की गई थी। कई मामलों में पुलिस की सक्रियता बढ़ी और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश देखने को मिला।


उनकी कार्यशैली की सबसे बड़ी खासियत यह मानी जाती है कि वे अपराधियों के प्रति बेहद सख्त रवैया रखते हैं, वहीं आम नागरिकों के साथ सहज और मधुर व्यवहार के लिए भी पहचाने जाते हैं। यही कारण है कि कई क्षेत्रों में जनता के बीच उनकी सकारात्मक छवि बनी हुई है।


जिला मुख्यालय की सबसे महत्वपूर्ण थाना जिम्मेदारियों में शामिल सिटी कोतवाली का प्रभार मिलना भी उनकी कार्यकुशलता और विभागीय भरोसे को दर्शाता है। शहर में बढ़ती गतिविधियों और कानून व्यवस्था की चुनौतियों के बीच अब लोगों की नजर नए कोतवाल की कार्यप्रणाली पर टिकी हुई है।


स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि पूर्व की तरह सक्रिय पुलिसिंग जारी रही तो शहर में अपराध नियंत्रण को लेकर सकारात्मक परिणाम देखने को मिल सकते हैं। वहीं अपराध जगत से जुड़े लोगों में नए थाना प्रभारी की नियुक्ति के बाद हलचल बढ़ने की चर्चा भी सामने आने लगी है।


सारंगढ़ सिटी कोतवाली में नए नेतृत्व के साथ अब पुलिस व्यवस्था में तेजी और सख्ती दोनों देखने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *