नेशन ट्रैक सारंगढ़ ।।जिला सारंगढ़–बिलाईगढ़ में आबकारी विभाग ने अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 30 अप्रैल 2026 को प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई।
आबकारी आयुक्त श्रीमती आर. संगीता के निर्देश और कलेक्टर श्री संजय कन्नौजे व जिला आबकारी अधिकारी श्री संतराम वर्मा के मार्गदर्शन में विभाग की टीम ने ग्राम गोड़म में दबिश दी। टीम ने गवाहों की मौजूदगी में एक मकान की तलाशी ली, जहां से कच्ची महुआ शराब बरामद हुई।
तलाशी के दौरान 12 प्लास्टिक बोतलों में भरी कुल 24 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब मिली। मौके पर परीक्षण के बाद इसे जब्त कर लिया गया। विभाग ने बरामद शराब को विधिवत सीलबंद किया।
इस मामले में लोचन भारद्वाज (उम्र 25 वर्ष), निवासी ग्राम गोड़म के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आनंद वर्मा, आबकारी उपनिरीक्षक हाबिल खलखो, लोकनाथ साहू, रामेश्वर सिंह राठिया सहित अन्य स्टाफ शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर निगरानी जारी रहेगी और शिकायत मिलने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
